पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता कुंवर प्रणव चैंपियन पर मुकदमा दर्ज
ऋषि टाइम्स न्यूज
भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ उनके ही गनर ने अभद्रता,गाली गलौच के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
भाजपा नेता चैंपियन एक बार फिर से विवाद में आ गए हैं। उन पर उनके ही सुरक्षा कर्मी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सुरक्षा कर्मी ने आरोप लगाया कि चैंपयिन मनमर्जी चलाते हैं। अक्सर अभद्रता और गाली गलौच करते हैं।
शुक्रवार की रात चैंपियन ने मोहिनी रोड स्थित आवास पर उनके साथ धक्का मुक्की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया कि उनके मन की न होने पर वो अक्सर ऐसा करते हैं।
सुरक्षा कर्मी की तहरीर मिलते ही दून पुलिस ने तत्काल चैंपियन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। इससे पूर्व भी पुलिस अधिकारी ने चैंपियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।