रेल विकास निगम पर देवप्रयाग की उपेक्षा का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
देवप्रयाग। रेल विकास निगम ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल ट्रेक प्रोजेक्ट में स्थानीय लोगों की हर स्तर पर उपेक्षा का आरोप है। क्षेत्र के लोगों ने जल्द समस्याओं का निदान न होने की स्थिति में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इसके लिए तहसील के माध्यम से शासन को ज्ञापन प्रेषित किया है।
इन दिनों रेल विकास निगम देवप्रयाग नगर पालिका के सौड़ में स्टेशन और अन्य कार्य कर रहा है। इसके लिए भूमि/भवन अधिकग्रहण से लेकर तमाम मसलों पर जिला प्रशासन की शह पर स्थानीय लोगों के साथ मनमानी की गई।
कई लोगों को जमीन और मकान का मुआवजा नहीं मिला। फलदार पेड़ और इमारती लकड़ी के पेड़ों का प्रॉपर मूल्यांकन नहीं किया। यही नहीं रेल विकास निगम स्थानीय बेरोजगारों की उपेक्षा कर रहा है। प्रोजेक्ट में वाहन भी बाहरी राज्यों के लगाए गए हैं।
इन सब मसलों पर नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्ण कांत कोटियाल, सभासद अरूण मिश्रा, यूकेडी के नेता अर्जुन सिंह, राहुल कोटियाल बेरोजगार युवा संघ ने तहसील के माध्यम से शासन को ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है मुआवजे, रेल विकास निगम की मनमानी, स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार में प्राथमिकता के मसले का निदान एक सप्ताह के भीतर न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
ज्ञापन में निर्माण कार्य में हो रहे विस्फोटों को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। इससे हो रहे प्रदूषण की बात को भी ज्ञापन में प्रमुखता से रखा गया है।