उत्तराखंड की विधानसभा में मनाया गया फूलदेई पर्व
ऋषि टाइम्स न्यूज
गैरसैंण। भराड़ीसैंण स्थित उत्तराखंड की विधानसभा में लोकपर्व फूलदेई मनाया गया। स्थानीय बच्चों विधानसभा के मुख्य द्वार पर स्पीकर की मौजूदगी में रंग बिरंगे फूल बरसाए।
देवभूमि उत्तराखंड में फूलदेई का पर्व आज से शुरू हो गया। ये पर्व बैसाख माह की संक्राति यानि बैसाखी तक चलेगा। पूरे माह नन्हीं बच्चियां ताजे फूलों को सुबह-सुबह घर के द्वार पर डालेंगी। भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में बड़ी संख्या में क्षेत्र के बच्चों ने पारम्परिक मांगल गीतों के साथ रंग-बिरंगे प्राकृतिक पुष्पों की वर्षा की।
बच्चों के साथ विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूड़ी, कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, डॉ. धनसिंह रावत, श्री सौरभ बहुगुणा, डॉ. प्रेम चन्द अग्रवाल, विधायक अनिल नौटियाल आदि ने बच्चों से भेंट कर अपनी लोक संस्कृति एवं लोक परम्पराओं से जुड़ने के लिए उनका उत्साह वर्धन किया।
विधान सभा अध्यक्ष के साथ सभी ने इस पावन पर्व की बधाई देते हुए कहा कि हमारे पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने तथा उसके संरक्षण का संदेश देते हैं। अपनी लोक परम्पराओं एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोये रखने की भी जरूरत बतायी।