उत्तरकाशी में बादल फटने से धराली कस्बे में भारी तबाही
ऋषि टाइम्स न्यूज
उत्तरकाशी। जिले के पर्यटक स्थल हर्षिल के पास स्थित धराली कस्बे में बादल फटने से भारी तबाही की सूचना है। आधे से अधिक कस्बा जमींदोज हो गया है और जानमाल के भारी हानि की आशंका व्यक्त की जा रही है।
दो दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद मंगलवार करीब दो बजे धराली कस्बा बादल फटने और क्षीर गंगा में बाढ़ के सैलाब में समा गया। होटल, गेस्ट हाउस और लोगों के घर पलक झपकते ही ढेर में तब्दील हो गए। ये सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
क्षीर गंगा का रौद्र रूप देखकर लोगों ने संबंधित क्षेत्र के लोगों को आवाज लगाकर और सीटी बजकर सूचित भी किया। मगर, बहुत कम लोग संभल पाए। सूचना मिलते ही उत्तरकाशी जिला प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राज्य सरकार ने रेसक्यू ऑपरेशन के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी है।
बताया जा रहा है मदद के लिए एमआई चिनूक हलेकॉप्टर मौके लिए रवाना हो गया है। बाढ़ से धराली कस्बे को हुए नुकासन के बारे में अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। नुकसान की अधिकृत सूचना अभी प्राप्त नहीं हुई है।

