उत्तरकाशी में भूस्खलन, नौ मजदूर लापता
ऋषि टाइम्स न्यूज
उत्तरकाशी। जिले के यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के सलाई बैंड क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए भूस्खलन की जद में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर आ गए। इसमें 10 को रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि नौ लापता हैं।
यमुनोत्री हाईवे के सलाई बैंड के पास बना लेबर कैंप भूस्खलन की जद में आ गया। तब कैंप में करीब 19 मजदूर रह रहे थे। भूस्खलन की सूचना के बाद पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम ने दुर्गम पैदल मार्ग से घटनास्थल तक पहुँच बनाई और मौके पर पहुँचते ही सघन सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया।
समाचार लिखे जाने तक तक 10 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि 9 श्रमिक अभी भी लापता हैं। इस ऑपरेशन में एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस, स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ, राजस्व विभाग, एनएच बड़कोट व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें राहत एवं खोज कार्य में समन्वय के साथ जुटी हुई हैं। जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा मार्गों पर नियंत्रण व तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।

