इस बार किसी नई सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं आधा दर्जन विधायक
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के आधा दर्जन से अधिक विधायकों का अपनी परंपरागत सीट से दिल भरा गया है। ऐसे विधायक 2022 का चुनाव नई सीट से लड़ना चाहते हैं। इसमें कुछ दिग्गज नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं।
उत्तराखंड की राजनीतिक अब 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मोड में आ चुकी है। राजनीतिक दलों के साथ ही नेताओं ने भी अपने-अपने हिसाब से चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा सत्ता बचाने तो कांग्रेस सत्ता में आने के लिए जोर लगा रही है। अन्य राजनीतिक दल अपनी मजबूती उपस्थित दर्ज कराने के लिए प्रयासरत हैं।
भाजपा के लिए 2017 का प्रदर्शन दोहराना बड़ी चुनौती है। पार्टी हर हाल में 2022 के विधानसभा चुनाव को फतह करने के लिए कई जतन कर रही है। इसमें संगठन और सरकार अपने-अपने हिसाब से जोर लगा रहे हैं। तीन नए कृषि कानूनों को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा वापस लिए जाने को भी पार्टी भुनाने की तैयारी कर रही है।
इस बीच, कई सिटिंग विधायकों की टिकट कटने की बात भी खूब हो रही हैं। इसका आधार परफारमेंस और जनता के बीच छवि को बनाया जा रहा है। पार्टी के करीब आधा दर्जन विधायक सीट बदलने की जुगत लगा रहे हैं। कोई पहाड़ से मैदान में उतरना चाहता है तो कोई अपनी मौजूदा सीट के आस-पास की सीट में अपनी अच्छी संभावना देख रहा है।
बताया जा रहा है कि ऐसे विधायकों ने अपने मन की बात धीरे-धीरे बोल कोई सुनना ले की तर्ज पर आगे बढ़ानी भी शुरू कर दी है। समर्थक भी अपने तरीकों से इस बात को पब्लिक डोमेन में ला रहे हैं। ताकि यदि ऐसा हुआ तो नेता जी का नाम नई सीट पर अनजान सा न लगे।
माना जा रहा है कि यदि कुछ विधायकों के टिकट कटे तो कुछ की सीट बदलने की मंशा पूरी भी हो सकती है। सीट बदलना विधायकों के लिए कितना शुभ रहता है ये देखने वाली बात होगी। राज्य गठन के बाद हुए चुनाव पर गौर करें तो अधिकांश विधायकों को सीट बदलना खूब फबा। हां, कुछेक विधायक/पूर्व विधायकों के लिए सीट बदलना शुभ नहीं रहा।