इंटरनेशनल प्रेसीडेंट कप 2025 एवं चतुर्थ टिहरी वाटर स्पोटर्स कप संपन्न, सीएम धामी ने किया प्रतिभाग
ऋषि टाइम्स न्यूज
नई टिहरी। टिहरी में चल रहे इंटरनेशनल प्रसीडेंट कप 2025 एवं चतुर्थ टिहरी वाटर स्पोटर्स कप संपन्न हो गया। समापन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टिहरी झील में आयोजित ंटरनेशनल प्रसीडेंट कप 2025 एवं चतुर्थ टिहरी वाटर स्पोटर्स कप के समापन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस मौके पर सीएम ने 22 देशों के तीन सौ से अधिक खिलाड़ियों से संवाद किया।
इस मौके पर विभिन्न प्रतिस्पर्द्धाओं में अव्वल रहे खिलाड़ियों और टीमा को मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य में खेलों के लिए जरूरी संसाधन जुटाने के लिए राज्य सरकार के स्तर से हो रहे प्रयासों की जानकारी दी।
बताया कि सरकार के प्रयासों का ही प्रतिफल रहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने कहा देवभूमि अब खेलभूमि बनने की ओर अग्रसर है। कहा कि राज्य में जल्द ही स्पोटर्स लेगेसी प्लान लागू किया जाएगा। राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 अकादमियां स्थापित की जाएंगी। प्रदेश में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रगति पर है तथा नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और सम्मान प्रदान किया जा रहा है। राज्य में चार प्रतिशत खेल कोटा भी लागू किया गया है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी के कोटी कॉलोनी हेलीपैड पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक प्रतापनगर विक्रम सिंह नेगी, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन रावत एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

