राज्य स्तरीय अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश। राज्य स्तरीय अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय का प्रदर्शन शानदार रहा। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतिस्पर्द्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित हुई, जहाँ प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. पुष्कर गौड़ ने बताया कि विश्ववविद्यालय के खिलाड़ियों का एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रदर्शन शानदार रहा।
400 मीटर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक, 100 मीटर एवं 800 मीटर पुरुष वर्ग में रजत पदक और 5000 मीटर पुरुष एवं महिला वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। भाला फेंक महिला वर्ग में रजत पदक और गोला फेंक पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीतकर टीम ने एथलेटिक्स मुकाबलों में अपनी सशक्त स्थिति सिद्ध की।
टीम खेलों में विश्वविद्यालय का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में पंतनगर विश्वविद्यालय को हराते हुए टीम ने चौंपियनशिप अपने नाम की, जबकि टेबल टेनिस महिला वर्ग में दून विश्वविद्यालय को पराजित कर एक और महत्वपूर्ण विजय दर्ज की। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में कुमाऊँ विश्वविद्यालय को हराकर विश्वविद्यालय ने टीम स्पर्धाओं में अपनी निरंतर उत्कृष्टता का परिचय दिया।
वॉलीबॉल महिला वर्ग, फुटबॉल पुरुष वर्ग, कबड्डी महिला वर्ग एवं कबड्डी पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की टीमों ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में टीम ने उपविजेता बनकर उत्कृष्ट खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया। इन परिणामों के साथ विश्वविद्यालय ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी समग्र श्रेष्ठता सिद्ध कर दी।
डॉ. पुष्कर गौड़ ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता निरंतर अभ्यास, टीम भावना और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है। विश्वविद्यालय के कुलपति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं ने खेलों के माध्यम से विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं क्रीड़ा विभाग को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करता रहेगा।

