जयंती पर याद किए गए देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल
देहरादून। देश प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती पर राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से याद किया गया। इस मौके पर देश की एकता के उनके सपने को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
रविवार को लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती पर याद किया गया। राजधानी देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर घंटाघर, देहरादून में सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अनेक रियासतों को भारत संघ में एकीकृत करने में अहम भूमिका निभाई। भारत की आजादी में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर भाजयुमो द्वारा आयोजित रन फॉर यूनिटी का फ्लैग ऑफ किया। सामाजिक एकता के उद्देश्य से इस दौड़ का आयोजन घन्टाघर से मसूरी डाइवर्जन तक किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने भी रन फॉर यूनिटी में दौड़ लगाई।
इस अवसर पर विधायक खजनदास, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल आदि मौजूद थे।