राजकीय शिक्षक संघ की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता
ऋषि टाइम्स न्यूज
देहरादून। प्रधानाचार्य सीधी भर्ती को निरस्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर तमाम अवरोधों के बावजूद बड़ी संख्या में राजकीय शिक्षक देहरादून में उमड़े। देर शाम मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को वार्ता के लिए बुलाया मांगों पर गौर करने का भरोसा दिया।
राजकीय शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आहवान पर 10 हजार से अधिक राजकीय शिक्षक सीएम आवास घिराव के लिए देहरादून पहंुचे। पुलिस/प्रशासन ने शिक्षकों को सीएम आवास की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे।
इस दौरान शिक्षकों की पुलिस के साथ भी जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस ने जहां रोका वहीं शिक्षकों ने सभा जमा दी। इस दौरान वक्ताओं ने राज्य सरकार के स्तर से शिक्षकों के साथ की जा रही नाइंसाफियों के बारे में बताया। प्रमोशन को लेकर विभाग और शासन के तर्क को बचकाना करार दिया।
इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोहपर के समय मुख्यमंत्री कार्यालय से वार्ता का बुलावा मिला। मगर, बात नहीं बनीं। शिक्षक अपने इरादे पर अडिग रहे। आखिरकार शाम छह बजे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से राजकीय शिक्षक संघ की वार्ता हुई।
आलाधिकारियों की मौजूदगी में हुई वार्ता में राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान और महामंत्री रमेश पैन्यूली ने मजबूती से बातें रखी।
तथ्य प्रस्तुत किए और बने गतिरोध को लेकर सवाल भी खड़े किए। मुख्यमंत्री धामी ने शिक्षकों की बात गौर से सुनी और भरोसा दिया कि मांगों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
सीएम ने मौके पर ही सचिव कार्मिक की अध्यक्षता में सचिव स्कूली शिक्षा, डीजी स्कूली शिक्षा और राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ एक सप्ताह के भीतर बैठक करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय शिक्षक संघ के मांग पत्र के नियमों के आलोक में अग्रेतर कार्यवाही कार्यवाही की जाए।’
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री रमेश पैन्यूली, उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
बहरहाल, गुरूवार को राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय पदाधिकारी मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता से मंडल और जिले के पदाधिकारियों को अवगत कराएंगे।

