शिक्षा

प्रो. वाईपी रैवानी बने एचएनबी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार

ऋषि टाइम्स न्यूज

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रो. वाईपी रैवानी को कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा एवं गति देने को उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताई।

प्रो. वाईपी. रैवानी कंप्यूटर विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर हैं तथा पिछले 35 वर्षों से विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। अपने दीर्घ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

वे पूर्व में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष तथा इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता (डीन) रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रॉक्टर तथा उप परीक्षा नियंत्रक के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं।

प्रो. रैवानी विश्वविद्यालय के विभिन्न दीक्षांत समारोहों के समन्वयक भी रहे हैं तथा नैक के तृतीय चक्र मूल्यांकन के दौरान विश्वविद्यालय के समन्वयक के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। वर्तमान में वे निदेशक, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) तथा नोडल अधिकारी (एनआईआरएफ एवं एआईएसएचई) के रूप में भी कार्यरत हैं।

उक्त सभी अनुभवों को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें कुलसचिव पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वो इस पद पर पूर्णकालिक कुलसचिव की तैनाती होने या विश्वविद्यालय के अग्रिम आदेशों तक रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *