ऋषिकेश

ऋषिकेश में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल खिलाफ वापस जाओ के नारे

ऋषि टाइम्स न्यूज

ऋषिकेश। होली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ लोगों ने जमकर वापस जाओ के नारे लगाए। इस दौरान पुलिस ने किसी तरह से मंत्री को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया।

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ उत्तराखंडी समाज की नाराजगी कम होने का नाम नहीं ले रही है। उन्होंने विधानसभा में उत्तराखंडियों के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था। राज्य भर में लोग उन्हें मंत्री पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। भाजपा ने फिलहाल जनता की मांग पर गौर करने को तैयार नहीं दिख रही है। इससे नाराजगी अब और बढ़ने लगी हैं।

बहरहाल, मंगलवार को श्यामपुर क्षेत्र में आयोजित एक होली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल को लोगों की नाराजगी फेस करनी पड़ी। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले बड़ी संख्या में लोग उनके विरोध के लिए जुट गए थे।

विरोध को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स लगाया गया था। पुलिस ने बमुश्किल मंत्री को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। मंत्री जब तक कार्यक्रम में रहे तब तक बाहर लोग उनके खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उनके कार्यक्रम से जाने के बाद ही नारेबाजी समाप्त हुई।

यहां जुटे उत्तराखंडी समाज के लोग भाजपा को कोसते नजर आए। इस तरह से कहा जा सकता है कि कैबिनेट मंत्री के खिलाफ लोगों की नाराजगी अब भाजपा की ओर शिफ्ट होने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *