ऋषिकेश

गोविंद नगर डंपिंग जोन से कूड़ा निस्तारण प्रकरण पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट की स्थिति

ऋषिकेश। गोविंद नगर डंपिंग जोन से कूड़ा निस्तारण में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है। इस प्रयोजन के लिए केंद्र से स्वीकृत धनराशि की पहली किस्त जल्द निगम को मिल जाएगी।

कूड़ा निस्तारण के नाम पर बजट ठिकाने लगाने के आरोपों पर सोमवार को नगर निगम के आयुक्त राहुल कुमार गोयल ने मीडिया के सम्मुख एक-एक बात को स्पष्ट किया। कहा कि कोई अनियमितता नहीं हुई है। पहले पहल निगम बोर्ड ने 14 वें वित्त से मिलने वाली धनराशि से गोविंद नगर डंपिंग जोन से कूड़ा निस्तारण करने का प्रस्ताव पारित किया था।

इस पर करीब आठ करोड़ 65 लाख खर्च होना था। इस बीच केंद्र सरकार ने इसी कार्य के लिए छह करोड़ 45 लाख स्वीकृत कर दिए। लिहाजा निगम द्वारा पूर्व में इस प्रयोजन के लिए रखी गई धनराशि का उपयोग अन्य कार्यों के लिए किया गया।

उन्होंने कहा कि केंद्र से स्वीकृत धनराशि की पहले किस्त राज्यांश के साथ जल्द निगम को मिलने वाली है। करीब दो करोड़ 58 लाख की इस किस्त के मिलते ही कूड़ा निस्तारण का कार्य तेजी से होने लगेगा।

इसको लेकर हो रहे आरोप-प्रत्यारोप पर उन्होंने कहा कि इस पर निगम ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई अनियमितता नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *