मुनिकीरेती नगर पालिका का 36 करोड़ 50 लाख का बजट पारित
ऋषि टाइम्स न्यूज
मुनिकीरेती। मुनिकीरेती नगर पालिका परिषद की बजट बैठक में 36 करोड़ 50 लाख 14 हजार 915 रूपये की आय और 33 करोड़ 36 लाख 28 हजार व्यय का बजट सर्वसम्मत्ति से पारित किया गया। बोर्ड ने तहबजारी को ठेके में देने के बजाए स्वयं तहबजारी वसूलने का निर्णय लिया।
शुक्रवार को नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में में पालिका का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया। 36 करोड़ 50 लाख 14 हजार 915 रूपये की आय और 33 करोड़ 36 लाख 28 हजार व्यय का बजट सर्वसम्मत्ति से पारित किया गया।
इसके आलावा बोर्ड ने नगर हित में तहबजारी पालिका प्रशासन के स्तर से वसूलने का निर्णय लिया। यानि इस वर्ष तहबाजारी का ठेका नहीं दिया जाएगा। तहबाजारी को व्यवस्थित करने का भी निर्णय लिया गया। ताकि सड़कों पर ट्रैफिक में अनावश्यक अवरोध पैदा न हो। बोर्ड ने पालिका की पार्किंग टेंडर में इस वर्ष 15 प्रतिशत की आधारिक बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लिया है।
बैठक में स्ट्रीट डॉग के साथ ही निराश्रित गोवंशीय पशुओं से पैदा हो रही समस्या को सभासदों ने रखा। स्ट्रीट डॉग को लेकर अधिकारियों के जवाब और इस दिशा में हुए प्रयासों पर सभासद बृजेश गिरी ने सवाल उठाए।
वार्ड नंबर 11 की सभासद ने क्षेत्र में हुए कथित पौधा रोपण पर सवाल उठाए। उन्होंने पालिका के स्तर से इसकी विस्तृत जांच की मांग की। वार्ड नंबर छह की सभासद बबीता रमोला ने क्षेत्र में सीवर लाइन का कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। उन्होंने वार्ड के कुसुमभारती स्कूल छोर पर स्वागत द्वार का निर्माण की मांग की।
बैठक में कुंभ मैदान में स्थित दुकानों को लेकर भी चर्चा हुई। सभासद ने प्रकरण को लेकर कहा कि इस मामले में पहले स्थिति हर स्तर पर स्पष्ट कर ली जाए। पालिकाध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने इस पर व्यवस्था दी कि पहले ये देख लिया जाए कि उक्त दुकानों प्रस्तावित प्रोजेक्ट कीजद में तो नहीं आ रही हैं।
बैठक में टैक्स अधीक्षक ने जानकारी दी कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि हाउस टैक्स लगाने से पूर्व प्रोपर्टी की रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। इस पर अधिकांश सभासदों ने क्षेत्र की वास्तविकता को रखा और असहमति भी व्यक्त की।
एक प्रापर्टी के नामांतरण फर्जी दस्तावेज के मामले मंे बोर्ड ने इसे तत्काल स्थगित करने का प्रस्ताव पारित किया। इस मौके पर ईओ अंकिता जोशी, टैक्स अधीक्षक अनुराधा गोयल, सभासद विनोद खंडूड़ी, सचिन रस्तोगी, बृजेश गिरी, गजेंद्र सजवाण, स्वाति पोखरियाल, बबीता रमोला, निशा नेगी, विनोद सकलानी, लक्ष्मण भंडारी, मीनू गोडियाल आदि मौजूद रहे।

