ऋषिकेश

मुनिकीरेती में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 16 मार्च से

ऋषि टाइम्स न्यूज

मुनिकीरेती। मुनिकीरेती में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 16 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। पर्यटन विभाग के स्तर से इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर पर्यटन विभाग ने गुरुवार को योगाचार्यों और पर्यटन से जुड़े लोगों के साथ सुझाव बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य महोत्सव को अधिक प्रभावी और व्यापक स्वरूप देना रहा। गंगा रिसोर्ट में हुई बैठक में क्षेत्र के योग शिक्षकों से उनके सुझाव लिए गए।

राजश्री योगशाला, श्यामपुर के निदेशक धनीराम बिंजोला ने सुझाव दिया कि क्षेत्र के सभी योग शिक्षकों के नाम और संपर्क नंबर गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर सूचीबद्ध किए जाएं, जिससे देश-विदेश से आने वाले योग साधकों को सही जानकारी मिल सके।

योगाचार्य वेदप्रकाश मैठाणी ने योग महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इसमें अंतरराष्ट्रीय योग विद्यार्थियों और विदेशी पर्यटकों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि ऋषिकेश की वैश्विक योग नगरी की पहचान और सशक्त हो।

गढ़वाल मंडल विकास निगम के निदेशक विशाल मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष योग महोत्सव का आयोजन 16 मार्च से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए स्थानीय योगाचार्यों और पर्यटन विशेषज्ञों से लगातार सुझाव लिए जा रहे हैं।
बैठक में भरतचंद्र, दीपक रावत और कनिका आनंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *