मुनिकीरेती नगर पालिका के सभासदों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के सम्मुख रखी समस्याएं
ऋषि टाइम्स न्यूज
मुनिकीरेती। ढालवाला मुनिकीरेती क्षेत्र में भारी बारिश से हुए नुकसान आदि की जानकारी लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के सम्मुख सभासदों ने समस्याएं रखी और निदान की मांग की।
सोमवार को क्षेत्रीय विधायक/ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नगर पालिका सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पालिकाध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण और सभासद मौजूद रहे। सभासदों ने गत दिनों भारी बारिश से सड़कों को नुकसान, क्षेत्र में जल भराव के बारे में विस्तार से बताया।
आवासीय क्षेत्रों में मलबा भरने की वजह भी गिनाई और इससे निजात हेतु सुझाव भी प्रस्तुत किए। ढालवाला ड्रेनेज के फेल होने की वजह भी गिनाई। कैबिनेट मंत्री ने इस मामले में वन, सिंचाई, नगर निकाय अदि विभागों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान सभासद विनोद सकलानी, स्वाती पोखरियाल, सचिन रस्तोगी, बृजेश आदि सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि विभाग के आधे अधुरे कार्य क्षेत्र के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। सड़कें चलने लायक नहीं रह गई हैं। नालियों के उपर रखे गए जाले दुर्घटना की वजह बन रही हैं।
सभासदों आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर तक नहीं आते। ठेकेदारों का भी कहीं अता पता नहीं है। इस पर मंत्री उनियाल ने अधिशासी अभियंता कमल सिंह से नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जहां-जहां भी परेशानी है उसे तत्काल सही कराया जाए।
सभासद विनोद खंडूड़ी ने ठेली/खोम्चों, कब्जों आदि को पालिका के स्तर से मिल रहे प्रश्रय का मामला उठाया। उन्होंने नगर पालिका की ईओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि शिकायत के बावजूद ईओ एक्शन लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ईओ अक्सर मंत्री जी का नाम आगे कर एक्शन लेने से बचती है।
सचिदानंद पैन्यूली ने लाइब्रेरी का मामला उठाया। उन्होंने कहा तटबंध पर स्थित भवन पर लाइब्रेरी को अपग्रेड करने की जरूरत है। साथ ही सड़क पर बनी नलियों के जालों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
अजय रमोला ने क्षेत्र में स्मैक के नशे का मामला उठाया। कहा कि इसमें अब लड़कियों की संलिप्तता भी सामने आ रही है। इस पर सख्ती हेतु पुलिस को निर्देशित करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने चंद्रभागा नया मोटर पुल से भैरव मंदिर रोड पर पेड़ों की लॉपिंग की मांग की।
इस मौके पर तटबंध पर अतिक्रमण का मामला भी सामने आया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने वन विभाग से अतिक्रमण को लेकर सवाल किया। कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती करें। इस मौके पर नगर पालिका की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बारिश ने मुनिकीरेती ढालवाला क्षेत्र में हुए नुकसान से कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया। कहा कि बरसाती पानी के साथ मिटटी मलबे से पूरा क्षेत्र परेशान हैं। संसाधन कम पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पालिका इस पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है। इस मौके पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, भाजपा के प्रदेश मंत्री नलिन भटट, मंडल अध्यक्ष भगवती काला, उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल आदि मौजूद थे।

