ऋषिकेश

मेयर अनिता ममगाईं ने अपर मुख्य सचिव के सम्मुख रखी नगर निगम वित्तीय हालात

ऋषिकेश। अपर मुख्य सचिव व अवस्थापना विकास आयुक्त आनंद वर्द्धन ने नगर निगम ऋषिकेश वित्तीय स्थिति पर गौर करने और सुधारने का भरोसा दिया। साथ ही निगम के तमाम मसलों के निदान की बात कही।

शुक्रवार को एसीएस आनंद वर्द्धन तीर्थनगरी ऋषिकेश में थे। यहां उनकी नगर निगम की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं के साथ मुलाकात हुई। इस दौरान तीर्थ नगरी की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मेयर ने उन्हें बताया कि राज्य वित्त आयोग से नगर निगम ऋषिकेश को बेहद कम पैसा अवमुक्त हुआ है।

कहा कि नगर पालिका से नगर निगम में अपग्रेड होने के बावजूद 15 वे वित्त आयोग में निगम के फंड में कोई बढ़ोतरी नही की गई। इसकी वजह से अधिकांश धनराशि निगम कर्मचारियों की सैलरी में ही खर्च हो जाती है। इस वजह से नगर निगम के निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

नगर निगम की वित्तीय सेहत सुधारने के लिए ऋषिकेश के बजट को बढ़ाने की आवश्यकता है। मेयर ने उन्हें जानकारी दी कि बजट के अभाव में ट्रेचिंग ग्राऊंड का कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो गया है।जिसपर उन्होंने तत्काल प्रभाव से लिगेसी वेस्ट के लिए धन अवमुक्त करने के आदेश दिए।

मेयर ने यह भी बताया कि निगम द्वारा निराश्रित पशुओं पर प्रतिमाह करीब दस लाख रूपये खर्च किया जा रहा है। इस दौरान अधिकारियों की कमी के मुद्दे को भी प्रमुखता से रखते हुए जानकारी दी गई कि नगर आयुक्त द्वारा दो अन्य विभाग भी संभाले जा रहे हैं जिसकी वजह से निगम के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उनकी फुल टाईम नियुक्ति निगम में की जानी बेहद आवश्यक है। मेयर द्वारा रखी तमाम समस्याओं पर सकारात्मक रूख दिखाते हुए अपर मुख्य सचिव द्वारा आश्वासन दिया गया कि कांवड़ मेले से पूर्व निगम की वित्तीय सेहत सुधारने के साथ साथ तमाम समस्याओं का निराकरण भी करा दिया जायेगा।

इस दौरान अपर निदेशक अशोक कुमार पांडे नगर आयुक्त ,गिरीश चंद्र गुणवंत ,उपजिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी ,अधिशासी अभियंता रवि पांडेय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *