मृतक किसान के परिवार के बीच पहुंचे कांग्रेस नेता, ढांढस बंधाया
ऋषि टाइम्स न्यूज
काशीपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उपनेता भुवन कापड़ी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ मृतक किसान सुखवंत सिंह के परिवार के बीच पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसान के न्याय के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उपनेता भुवन कापड़ी सह प्रभारी मनोज यादव उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी विधायक तिलकराज बेहड़ आदेश चौहान और सुमित हृदयेश मृतक किसान के परिवार से मिले।
इस अवसर पर गोदियाल ने कहा कि किसान को न्याय दिलाकर रहेंगे दोषियों को जवाबदेह बनाकर रहेंगे और किसान की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे। कहा आज राज्य की कानून व्यवस्था पटरी से नहीं उतरी बल्कि वेंटिलेटर पर पहुंच चुकी है।
गोदियाल ने कहा कि काशीपुर निवासी किसान सुखवंत को करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी में आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस ने सालभर तक दौड़ाया। बेबस लाचार सुखवंत ने मजबूरन खुद को गोली मारकर जान दे दी।
एक हंसता खेलता परिवार उजड़ गया।बूढ़े माता पिता की बुढ़ापे की लाठी उन से छिन गई, ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग करी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार को मामले की जांच सीबीआई से करानी चाहिए और जिले के सभी अधिकारी कर्मचारी जिनका नाम सुखवंत ने वीडियो में लिया है जिले के एसएसपी सहित निलंबित किया जाएं ताकि वह जांच को प्रभावित न कर पाएं।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस के इस दोहरे रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। आर्य ने कहा कि काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह के दिल दहला देने वाले आत्महत्या प्रकरण में परिजनों को वह पूरा पैसा मुआवजे की शकल में लौटाया जाए जिसके लिए सुखवंत दर दर भटक रहा था।
सह प्रभारी मनोज यादव ने कहा कि इस प्रकरण से पुलिस कुप्रबंधन की दोहरी कार्यशैली उजागर हुई है। जहां उत्तराखंड पुलिस काशीपुर, रुद्रपुर से लेकर देहरादून तक न्याय को लेकर गुहार लगाने पहुंचे किसान सुखवंत सिंह को न्याय नहीं दिला पाई। मामले में न्याय नहीं मिलने पर सुखवंत सिंह को खुदकुशी करनी पड़ी।

