खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्सः श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के सागर ने फ्री-स्टाइल कुश्ती में जीता रजत पदक
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के तहत फ्री-स्टाइल कुश्ती में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पहलवान सागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
सागर श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध सरदार महिपाल राजेन्द्र जनजातीय पी.जी. कॉलेज, सहिया के छात्र हैं। उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 राजस्थान के 7 शहरों में आयोजित हो रहे हैं, जिनमें 23 खेलों के अंतर्गत देशभर के 5000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
पहलवान सागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 किग्रा फ्री-स्टाइल कुश्ती में रजत पदक जीता। फाइनल मुकाबले में उन्होंने दमदार संघर्ष किया और मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर रहे। सागर ने तेलंगाना, पंजाब और हरियाणा के खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जिससे विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय प्रशासन ने गर्व व्यक्त किया और इसे भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
क्वालिफाइंग राउंड में सागर ने उस्मानिया विश्वविद्यालय के खिलाड़ी को ’’16-6’’ से पराजित कर प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में गुरु काशी विश्वविद्यालय के खिलाड़ी ’’रमन’’ को ’’4-0’’ से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में गुरु जाम्भेश्वर विश्वविद्यालय के खिलाड़ी को चित करके उन्होंने सेमीफाइनल में शानदार प्रवेश किया। सेमीफाइनल में भी सागर ने अपने बेहतरीन दांव-पेंच दिखाते हुए प्रतिद्वंदी को पराजित किया।
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़ ने सागर के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि सागर ने विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
सागर के साथ विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के रूप में ’’डॉ. रवि कुमार’’ ने कहा की सागर ने पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और तकनीक के साथ लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उसका फाइनल तक पहुँचना केवल उसकी मेहनत का परिणाम एवं हमारे विश्वविद्यालय की खेल संस्कृति का भी प्रतिबिंब है।

