श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए
ऋषि टाइम्स न्यूज
रूद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतलकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। कपाट बंद होने के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत हजारों श्रृद्धालु मौजूद रहे।
विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज गुरूवार प्रातः साढ़े आठ बजे सेना के बैंड की भक्ति धुनों तथा जय बाबा केदार के उदघोष के साथ प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में शीतकाल के लिए बंद हो गये।
कपाट बंद होने के बाद आज ही बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली ने सेना के बैंड तथा जयघोष के साथ पहले पड़ाव रामपुर के लिए प्रस्थान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंचमुखी डोली को शीतकालीन गद्दीस्थल के प्रथम पड़ाव हेतु प्रस्थान करवाया। केदारनाथ में सर्द मौसम के बीच इस अवसर पर 10 हजार से अधिक श्रद्धालु कपाट बंद होने के साक्षी बने।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया से पहले श्रद्धालुओं ने मंदिर में अखंड ज्योति के दर्शन किये इसके बाद कपाट बंद की प्रक्रिया के अंतर्गत ब्रह्ममुहुर्त में केदारनाथ धाम के पुजारी बागेश लिंग तथा आचार्यगणों , श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित जिला प्रशासन, तथा तीर्थ पुरोहितों हकहकूकधारियों ने पूरब द्वार से मंदिर के गर्भगृह परिसर में प्रवेश किया तथा समाधि पूजा में शामिल हुए।यज्ञ- हवन समाधि पूजा के पश्चात पुजारी बागेश लिंग ने भगवान केदारनाथ के स्वंभू शिवलिंग को समाधि रूप दिया, स्थानीय पुष्पों कुमजा, बुकला, राख सहित ब्रह्म कमल,शुष्क फूल पत्तों से ढ़क दिया गया जय बाबा केदार के उदघोष के साथ मंदिर गर्भगृह बंद हो गया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार के कपाट बंद होने के अवसर पर देश – विदेश के श्रद्धालुओं के लिए शुभकामनाएं दी । कहा कि दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भब्य दिब्य केदार पुरी का निर्माण हुआ है कहा कि आज चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकार्ड 50 लाख श्रद्धालु पहुंचे है। धामों के कपाट बंद के बाद शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जायेगा।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने अवगत कराया कि आज कपाट बंद के बाद बाबा केदार की पंचमुखी देव डोली ने केदारनाथ धाम से प्रस्थान किया तथा आज ही प्रथम पड़ाव रामपुर रात्रि विश्राम को पहुंचेगी। कल शुक्रवार 24 अक्टूबर रामपुर से प्रस्थान कर रात्रि विश्राम को श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी और शनिवार 25 अक्टूबर को भगवान केदारनाथ जी की पंच मुखी डोली गुप्तकाशी से शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंच जायेगी।
इस अवसर पर श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी,जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे,बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी/ कार्यपालक मजिस्ट्रेट विजय प्रसाद थपलियाल, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी,बीकेटीसी सदस्य महेंद्र शर्मा,प्रह्लाद पुष्पवान, राजेंद्र प्रसाद डिमरी देवीप्रसाद देवली, डा. विनीत पोस्ती, दिनेश डोभाल, प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान सहित पुलिस प्रशासन, एनडीआरएफ एसडीआरएफ के अधिकारी -जवान, मंदिर समिति तथा यात्रा से जुड़े विभागीय कर्मचारी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में तीर्थयात्री मौजूद रहे।

