ईशिता सजवाण टिहरी की जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश। टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर ईशिता सजवाण का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है। एक नाटकीय घटनाक्रम में भाजपा ने नाम वापसी से पहले ईशिता को टिकट थमा दिया।
भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सोना सजवाण को अधिकृत किया। भाजपाइयों ने सोना सजवाण को बधाइयां दी। दावा किया कि उनकी जीत पक्की है। मगर, कांग्रेस का गणित सोना सजवाण पर भारी पड़ गया। भाजपा की जिला पंचायत सदस्य इशिता सजवाण ने निर्दलीय नामांकन कर दिया। कांग्रेस ने उन्हें समर्थन दे दिया और निर्दलीयों की भी उनके साथ अच्छी खासी संख्या हो गई।
सोमवार की रात तक देहरादून में भाजपा को लग गया कि सोना सजवाण इशिका के सामने कमजोर पड़ रही है। इशिता की जीत को पक्की देख भाजपा ने मंगलवार की सुबह की सोना सजवाण का पत्ता काट कर इशिता सजवाण को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया।
पार्टी के निर्णय से सकपकाई सोना सजावाण के पास नाम वापस लेने का ही विकल्प रह गया था। उन्होंने नाम वापस लिया और इशिता सजवाण का जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्दलीय निर्वाचित होना तय हो गया है। अब भाजपा इस सीट को अपने खाते में गिन रही है। हालांकि इशिता सजवाण उभयनिष्ट अध्यक्ष बनी हैं। उन्हें कांग्रेस का समर्थन था, भाजपा ने टिकट दिया और निर्दलीय उनके साथ थे।

