हिमालय बुलेटिन पत्रिका का शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने किया विमोचन
ऋषि टाइम्स न्यूज
देहरादून। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने ज्योग्राफिकल सोसाइटी ऑफ सेंट्रल हिमालय की हिमालय बुलेटिन पत्रिका का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पत्रिका हिमालयी क्षेत्रों से संबंधित तथ्यपरक जानकारियां से लाभान्वित करेगी।
शनिवार को केंद्रीय हिमालय की भौगोलिक समिति के तत्वावधान में उत्तरांचल उत्थान परिषद सभागार में हिमालयन बुलेटिन पत्रिका का लोकार्पण सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत रहे और कार्यक्रम की ज अध्यक्षता प्रो. कमलेश कुमार ने की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि शिक्षा मं़त्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि हिमालयन बुलेटिन समयानुकूल एवं आवश्यक पत्रिका है, जो प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पत्रिका के संपादक मिज़ोरम विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. विश्वंभर प्रसाद सती ने पत्रिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पत्रिका के प्रकाशन की रूपरेखा तथा उसमें प्रकाशित शोध लेखों की जानकारी दी और कहा कि भविष्य में पत्रिका की गुणवत्ता में और वृद्धि की जाएगी।
इस मौके पर प्रो. एस. सी. खरकवाल ने उत्तराखंड के विकास संबंधी विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रेम बुड़ाकोटी ने स्वर्गीय नित्यानंद के योगदान का स्मरण करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. कुमार ने समिति की स्थापना एवं महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन प्रो. अनीता रूडोला ने किया। इस मौके पर प्रो. डी. डी. चौहानियाल, प्रो. बी. पी. नैथानी, डॉ. कमल सिंह, डॉ. मंजू भंडारी सहित अन्य विद्वानों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन डॉ. राजेश भट्ट ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. किरण त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

