उत्तराखंड

पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत का ईडी पर पलटवार

ऋषि टाइम्स न्यूज

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता डा. हरक सिंह रावत ने उन पर चल रही ईडी की कार्रवाई को साजिश करार दिया। कहा कि वो इससे डरने वाले नहीं हैं।

शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने ईडी की कार्रवाई पर पलटवार किया। कहा कि अगर कोर्ट में उन पर लगे आरोप साबित हो जाते हैं तो वे राजनीति से हमेशा के लिए संन्यास ले लेंगे। लेकिन अगर अदालत में निर्दाेष साबित हुए तो इस “साजिश” में शामिल लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे।

डा. रावत ने अपने विरोधियों को चेताते हुए कहा, “मैं न दबने वाला हूं, न झुकने वाला। जितनी भी साजिशें कर लो, मैं लड़ता रहूंगा। उन्होंने बगैर किसी लाग लपेट के कहा कि वो दूध के धुले नहीं है। लेकिन सहसपुर मामले में उनकी कोई गलती नहीं है। ईडी इस मामले में गलती कर गई।

कहा कि ये ठीक वैसे ही है जैसे सीबीआई ने 2003 के जेनी प्रकरण में मुझे फंसाया था। बाद में मुझे क्लीन चिट मिली थी। े ईडी की कार्रवाई को बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि सहसपुर की विवादित जमीन उन्होंने 2002 में पूरी तरह कानूनी तरीके से खरीदी थी। इस जमीन का रिकॉर्ड 1962 से पूर्व मालिक के नाम पर दर्ज था और सारे दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।

डा. रावत ने याद दिलाया कि इस मामले की जांच पहले भाजपा सरकार में और फिर कांग्रेस की सरकार में हो चुकी है, लेकिन किसी भी जांच में कोई ठोस सबूत नहीं मिला। अब मामला कोर्ट के सामने है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि न्याय मिलेगा।

उन्होंने ईडी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर एजेंसी आरोप साबित कर दे, तो वे तुरंत राजनीति से संन्यास ले लेंगे। लेकिन अगर निर्दाेष निकले तो कानूनी लड़ाई लड़कर साजिश रचने वालों को बेनकाब करेंगे। भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी अब अपने आदर्शों से भटक चुकी है और विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कहा कि भाजपा छोड़ने का उन्हें कोई मलाल नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *