प्रभावितों के साथ खड़ी हुई कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का बड़ा ऐलान
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जमीन पर वर्षों से काबिज लोगों को भूमि का अधिकार मिले। उन्होंने ऐलान किया कि ऐसे लोगों के साथ कांग्रेस हर स्तर पर खड़ी है और उनके हक के लड़ाई लड़ेगी।
ये कहना है कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का। सुप्रीम कोर्ट के एक निर्देश के तहत इन दिनों वन विभाग बापूग्राम, अमित ग्राम, बीस बीघा आदि क्षेत्रों में खाली पड़ी भूमि को चिन्हित कर रहा है। इससे यहां दशकों से घर बनाकर रह रहे लोग आशंकित हो चले हैं। दो दिन से उक्त क्षेत्र में टेंशन है।
ब्हरहाल, सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधायक शूरवीर सिंह सजवाण, राजपाल खरोला, जयेंद्र रमोला, एडवोकेट राकेश सिंह आदि कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। गणेश गोदियाल ने लोगों के साथ बैठक की आर भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। कांग्रेस हर स्तर पर उनकी लड़ाई लड़ेगी।
गोदियाल ने कोतवाली पहुंचकर युवाओं की गिरफ्तारी पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की। कहा कि पुलिस सरकार के इशारे पर जागरूक लोगों को प्रताड़ित कर रही है। इसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। मीडिया से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि इस पूरे मामले का कानूनी पक्ष है। मगर, सरकार आम लोगों को उनके हाल पर नहीं छोड़ सकती।
कहा कि यदि सरकार वास्तव में प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है तो इस मामले को लेकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए। कहा कि वर्षों से घर बनाकर रहे लोगों को भूमि का अधिकार देने की दिशा में काम करें और इसे अंजाम तक पहुंचाए।
कांग्रेेस नेता राजपाल खरोला ने कहा कि किसी भी परिवार के साथ नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। कांग्रेस हर समय प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है।
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस पहले दिन से ही लोगों के साथ खड़ी है। किसी भी परिवार के साथ अन्यास नहीं होने दिया जाएगा। इस पूरे प्रकरण में क्षेत्र भर में लोगों में खासी नाराजगी है। इस पूरे प्रकरण और इसकी टाइमिंग को लेकर भी जितने मुंह उतनी बातें हो रही हैं।

