पूर्व सीएम हरीश रावत ने लोगों के साथमनाई इगास बग्वाल
ऋषिकेश।देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर आयोजित कांग्रेस चौपाल में पूर्व सीएम हरीश रावत ने उन्हें श्रृद्धांजलि देते हुए कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि कांग्रेस की सबको साथ लेकर चलने की परंपरा को आगे बढ़ाएं।
रविवार को हरदा ने पंडित नेहरू की जयंती पर ऋषिकेश विधानसभ के ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि विश्राम किया। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की चौपाल लगाई।
कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गर्व करें कि वो जंगे आजादी में लीड करने वाली पार्टी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रृद्धांजलि देते हुए कहा कि देश को आजाद कराने और नए भारत के निर्माण में उनका अहम रोल रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि वो समाज, राज्य और देश की बेहतरी के काम में लगे रहें। सबको साथ लेकर चलने के पार्टी के विशिष्ट गुणों के संरक्षण और संवर्द्धन को आगे आएं।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जन के साथ लोक पर्व इगास बग्वाल भी मनाई। लोगों को लोक पर्व की बधाई दी। उन्होंने भैलों पर हाथ अजमाए। संचालन कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने किया। इस मौके पर एसआईसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, डा. केएस राणा, मनोज गुसाईं, अभिषेक शर्मा आदि सैकड़ों कार्यकर्ता और आम जन कार्यक्रम में मौजूद रहे।