ऋषिकेश

फिल्म अभिनेता अनिल कपूर और फिल्म निर्माता/ निर्देशक बोनी कपूर ने परमार्थ निकेतन की गंगा आरती में किया प्रतिभाग

ऋषि टाइम्स न्यूज

ऋषिकेश। प्रसिद्ध अभिनेता अनिल कपूर और जाने-माने फिल्म निर्माता निर्देशक बोनी कपूर परमार्थ निकेतन पहुंचे और मां गंगा के तट पर आयोजित दिव्य गंगा आरती में प्रतिभाग किया।

बुधवार को परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती तथा साध्वी भगवती सरस्वती के सान्निध्य में अनिल कपूर और बोनी कपूर ने मां गंगा की आरती में सहभाग किया। गंगा आरती के दौरान दोनों फिल्मी हस्तियों गंगा की कल-कल ध्वनि और आध्यात्म मंे पूरी तरह से लीन रहे। इस मौके पर अनिल कपूर और बोनी कपूर ने कहा कि परमार्थ निकेतन की दिव्य गंगा आरती का यह अनुभव अपने जीवन की अमूल्य स्मृति के रूप में सदैव संजोकर रखेंगे।

इस मौके पर परमार्थ के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने अनिल कपूर और बोनी कपूर का पुष्पहार और रूद्राक्ष का पौधा भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया तथा अपनी फिल्मों के माध्यम से धर्म, सेवा, संस्कार और संवेदना से युक्त फिल्मों के निर्माण हेतु प्रेरित किया। कहा कि कपूर परिवार भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सिनेमा के माध्यम से देश के युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं।

इस पावन अवसर पर अनिल कपूर और बोनी कपूर ने अपने माता-पिता, सुरिंदर कपूर और श्रीमती निर्मल कपूर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में जो भी मूल्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना है, वह उन्हें अपने माता-पिता से विरासत में मिली है। उन्होंने परमार्थ निकेतन के आध्यात्मिक वातावरण को अत्यंत शांति और प्रेरणा देने वाला बताया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि कपूर परिवार न केवल सिनेमा के माध्यम से देश और समाज को दिशा देता रहा है। अनिल कपूर और बोनी कपूर जैसे कलाकार जब अध्यात्म और संस्कृति की ओर आते हैं, तो वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बनते हैं। आज का यह संगम केवल गंगा जल का नहीं, बल्कि संस्कृति, सिनेमा और साधना का मिलन भी है।

साध्वी भगवती सरस्वती ने कपूर परिवार का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा की पहचान केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मकता और संस्कृति के प्रसार का एक सशक्त माध्यम भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *