यूकेडी के दिग्गज नेता फील्ड मार्शल दिवाकर भटट का निधन
ऋषि टाइम्स न्यूज
हरिद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल के दिग्गज नेता, फील्ड मार्शल एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भटट का निधन हो गया। उनके निधन से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
क्रांतिकारी नेता दिवाकर भटट पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और देहरादून के एक हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था। सोमवार देर शाम उनकी हालत एकदम से बिगड़ गई। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ। मंगलवार सुबह उन्हें हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर हरिद्वार स्थित आवास पर ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उत्तराखंड अलग राज्य निर्माण को चले आंदोलन में पहली पंक्ति के नेता दिवाकर भटट के निधन से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। भटट के निधन की सूचना मिलते ही यूकेडी समेत विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके आवास का रूख किया और परिजनों को ढांढस बंधाया।
विभिन्न संगठन से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने बड़ा क्रांतिकारी नेता खो दिया। ये राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। राज्य आंदोलन के अलावा गैरसैंण को राज्य की राजधानी के मामले में उनके स्पष्ट स्टैंड के साथ ही इसके लिए उनके स्तर से किए गए प्रयासों को लोग याद कर रहे हैं। उनके गृह क्षेत्र कीर्तिनगर के अलावा देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर है।

