देवस्थानम एक्टःतीर्थ पुरोहितों को 30 नवंबर को इंतजार
देहरादून। राज्य के चारों धामो के तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी 30 नवंबर तक देवस्थानम एक्ट को समाप्त करने के सरकार के आश्वासन पर टकटकी लगाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और डा. हरक सिंह रावत ने तीर्थ पुरोहितों को भरोसा दिया था कि 30 नवंबर तक देवस्थानम एक्ट को लेकर निर्णय ले लिया जाएगा।
सरकार के आश्वासन के बाद तीर्थ पुरोहित 30 नवंबर का इंतजार कर रहे हैं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने 30 अक्तूबर की डेट देकर आंदोलन स्थगित कराया था। मगर, सरकार भरोसे पर खरी नहीं उतरी।
तीर्थ पुरोहितों में हाईपावर कमेटी के गठन को लेकर भी खासी नाराजगी है। बहरहाल, चारधाम तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत के अध्यक्ष कृष्ण कांत कोटियाल का कहना है कि 30 नवंबर तक ही इंतजार करेंगे।
30 नवंबर तक एक्ट को वापस नहीं लिया गया तो महापंचायत आंदोलन को तेज करेगी। एक्ट की समाप्ति के लिए होने वाले संघर्ष के रूपरेखा पर लागतार काम किया जा रहा है। कहा कि इसमें देश भर के धर्मानुरागियों का साथ मिल रहा है।
कोटियाल ने कहा कि अब एक्ट की मेरिट-डीमेरिट पर चर्चा का कोई औचित्य नहीं है। राज्य के तीर्थाटन के हित में सरकार को देवस्थानम एक्ट को वापस लेना चाहिए। देश भर के धर्मानुरागियों की भी यही इच्छा है।