रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया वीरचंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा का अनावरण
पौड़ी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जंगे आजादी के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्य तिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि हैं। यहां के वीर देश की आन बान शान की रक्षा के लिए हमेशा आगे रहते हैं।
शुक्रवार को जिले के पीठसैंण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा के अनावरण किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को तपोभूमि और वीरभूमि बताया। कहा कि वे संयुक्त उत्तर प्रदेश के सीएम भी रहे हैं इसलिए गढ़वाली आन-बान से परिचित हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि गढ़वाल देवभूमि, वीरभूमि व तपोभूमि है। देश व समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हर उत्तराखंडी के अंदर मिलता है। कहा कि उत्तराखंड को बने लगभग 20 साल हो गए हैं, लेकिन यहां की परंपरा बहुत पुरानी है, गढ़वाल हो या कुमाऊं यहां के त्याग व बलिदान को कोई भूल नहीं सकता। कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली, माधो सिंह भंडारी व तीलू रौतेली के बहादुरी के गीत गढ़वाल के हर गांव में गाए जाते है। प्रथम विश्व युद्ध में मित्र देशों की जीत में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जैसे वीरों ने बहुत बड़ा योगदान निभाया है।
इस मौके पर रक्षा मंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। कहा कि नेपाल हमारा फैमिली कंट्री है, और हम नेपाल के स्वाभिमान पर चोट नहीं पहुंचने देंगे। नेपाल के कई वीर गोरखा रेजीमेंट में वीरता का परिचय देते है। भारत केवल शांति का पुजारी नहीं बल्कि अब हम विकास के पुजारी भी बन गये हैं।
उन्होंने राज्य सरकार के स्तर से हो रहे कार्यों की भी सराहना की। धामी के नेतृत्व में 2022 में पार्टी को फिर से प्रचंड विजय हासिल होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के समस्त 7795 ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थानों पर एक-एक ओपन जिम ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखंड योजना‘ प्रारम्भ की जायेगी, जिसके अन्तर्गत पैरेलल बार एवं होरिजेन्टल बार इत्यादि उपकरणों की स्थापना की जायेगी।
मुख्यमंत्री द्वारा वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत इलैक्ट्रिक लग्जरी बसों की खरीद के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी की मौजूदा अधिकतम सीमा को 15 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रूपये किये जाने की घोषणा की गई। कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में गैर वाहन पर्यटन उद्यम के लिए 33 प्रतिशत सब्सिडी की मौजूदा अधिकतम सीमा को 14 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रूपये किया जायेगा।
दीन दयाल गृह आवास योजना के अंतर्गत होमस्टे स्थापित करने वाले उद्यमियों को सब्सिडी कुल लागत की मौजूदा 33 प्रतिशत या 10 लाख, जो भी कम हो, को बढ़ाकर सब्सिडी कुल लागत का 33 प्रतिशत या 12 लाख रूपये जो भी कम हो, की वृद्धि की जायेगी। सीएम ने राज्य के हर वर्ग की बेहतरी के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को गिनाया।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विषम परिस्थितियों व व्यस्तता के बीच यहां आकर सबका मान रखा है। कहा कि राजनाथ सिंह हमारे राजनीतिक गुरु है। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं 2022 में धामी के नेतृत्व में पुनः भारतीय जनता की पार्टी की सरकार बनेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि संयुक्त उत्तर प्रदेश के समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह जी थे। कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री केंद्र में चार बार राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं और जब भी उनके सामने कोई बात रखी जाती है, तो आसानी से स्वीकार कर लेते है।
कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल ऊंचा हुआ है। अब भारतीय सेना आतंकियों पर कार्यवाही करने के लिए स्वतंत्र हैं।
प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, उच्च शिक्षा, सहकारिता, प्रोटोकॉल, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जी ने कई वर्षों तक यातना सहकर जेलों में बंद रहे तथा देश की आजादी में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रही है।
उन्होंने कहा कि थलीसैंण से 75 जवान सेना में शहीद हुए हैं और स्कूल, इन्टर कालेज तथा सड़कों का नाम शहीदों के नाम से रख रहे हैं। उन्हांने कहा कि चार साल पहले रक्षा मंत्री यहां आये थे और फौज में 04 सेमी लम्बाई कम करने की घोषणा हुई थी, जो साकार हो गयी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र से हजारों की संख्या में बच्चे फौज में भर्ती होने के लिए बाहर जाते हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री जी से क्षेत्र में एक भर्ती केन्द्र खोलने की अपेक्षा की। सैनिक कल्याण मंत्री उत्तराखंड गणेश जोशी ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली एक महान सैनिक थे। जिन्होंने निहथे अफगानों पर गोली चलाने से इंकार कर दिया था।
कहा कि यहां उपस्थित जन सैलाब इस बात का प्रतीक है कि भारतीय जनता पार्टी लोगों के काम कर रही है। मोदी जी ने सैनिकों के 40 साल के संघर्ष को देखते हुए वन रैंक वन पेंशन को लागू किया है। भारतीय जनता पार्टी सैनिकों का सम्मान करना जानती है ।
प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी व सरकार में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। माननीय रक्षा मंत्री के नेतृत्व में सेना से कहा है कि सीमा पर कुछ भी होता है तो दिल्ली के आदेश का इंतजार ना करें। कहा कि चीन सीमा पर हो या उरी की घटना के बाद सर्जिकल स्ट्राइक हो। उस समय जिस प्रकार भारतीय सेना ने शौर्य का परिचय दिया है उसके पीछे जो हिम्मत का भाव था, उसके लिए रक्षा मंत्री एवं माननीय प्रधानमंत्री को बहुत-बहुत बधाई। कहा कि रक्षा मंत्री के द्वारा छोटे बड़े सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है, और माननीय रक्षा मंत्री के द्वार कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा खुले रहते हैं।