धामी सरकार और भाजपा पर जमकर बरसे कांग्रेस के दिग्गज नेता डा. हरक सिंह रावत
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश। बापूग्राम से लेकर राज्य के विभिन्न मुददों पर कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार को जमकर कोसा। कहा कि राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार बापूग्राम क्षेत्र में लोगों के आशियाने पर आए संकट के मामले में सुप्रीम कोर्ट में मजबूत पैरवी नहीं कर रही है। इस मामले में भाजपा के नेताओं का रवैया मामले को टालने भर का है।
ये कहना है कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत का। रावत गुरूवार को पार्टी के 16 फरवरी के प्रस्तावित राजभवन घिराव कार्यक्रम की तैयारियांे की सिलसिले में यहां आए थे। कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्य की धामी सरकार और भाजपा पर जमकर निशाने साधे। कहा कि बापूग्राम क्षेत्र में लोगों के आशियाने पर संकट है। राज्य सरकार को इस मामले की सुप्रीम कोर्ट में मजबूत पैरवी करनी चाहिए थी। मगर, सरकार ऐसा नहीं कर रही है। सब कुछ अधिकारियों के भरोसे छोड़ा गया है।
भाजपा के नेता ज्ञापन, मेल-मिलाप में टाइम वेस्ट कर रहे हैं। ताकि इस मामले को टाला जा सकें। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। महिलाओं का उत्पीड़न चरम पर है। बेटियों की खुलेआम हत्याएं हो रही है।
अपरोध को रोकने के बजाए पुलिस सरकार के खास कार्यों में लगी है। कहा कि पुलिस के कुछ अधिकारी वसूली गैंग की तरह काम रहे हैं। सरकार का फोकस राज्य के विकास के बजाए खनन और अन्य कामों में है। इस बात का अब राज्य के लोग अच्छे से समझ चुके हैं।
डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले नौ सालों से राज्य के युवाओं/ बेरोजगारों के साथ छल कर रही है। पेपर लीक मामले इस बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी विभाग में 55 हजार पद खाली हैं और सरकार 20 हजार पद भरने को उपलब्धि बता रही है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को राज्य के ज्वलंत मुददों को लेकर राजभवन का घिराव होगा। इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता 70 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 2027 में कांग्रेस की जीत जरूरी है। लोग बदलाव का मन बना चुके हैं। हर वर्ग भाजपा सरकार से परेशान है। इस मौके पर कांग्रेस के महानगर इकाई के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश मियां, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, जयेंद्र रमोला, राजपाल खरोला, भगवती प्रसाद सेमवाल, देवेंद्र प्रजापति, ललित मोहन मिश्रा, राकेश अग्रवाल, सरोज देवराड़ी आदि मौजूद रहे।

