उत्तराखंड

बड़ी संख्या में रिटायर्ड अधिकारियों ने ली कांग्रेस की सदस्यता

ऋषि टाइम्स न्यूज

देहरादून। सेना समेत विभिन्न सरकारी विभागों से रिटायर्ड अधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर सभी ने कहा कि भाजपा की नीतियों से आम लोग त्रस्त हैं।

गुरूवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं पूर्व सीएम हरीश रावत की मौजूदगी में उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।

इन सभी अधिकारियों ने कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय नेतृत्व राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे एवं सोनिया गांधी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। शामिल होने वाले अधिकारियों में पूर्व ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रीतम सिंह आर्य, आज़ाद अहमद सिद्दीकी, श्री चंद आर्य पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, जल निगम उत्तराखंड, वीरेंद्र सौंधी सेवानिवृत्त अधिकारी, ऑर्डिनेंस विभाग अमरचंद शाह सेवानिवृत्त अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक, संतन सिंह वरिष्ठ अधिकारी, ऑर्डिनेंस विभाग, सुरेश चंद्र पूर्व उप प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, सुरेश कुमार पूर्व जेसीओ अधिकारी, भारतीय वायु सेवा, रघुनाथ लाल आर्य पूर्व अपर निदेशक, शिक्षा विभाग, दिलीप चंद्र आर्य पूर्व सीडीओ, विकास निगम, मदन लाल पूर्व जिला प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग भरत लाल पूर्व नायक सूबेदार, गढ़वाल राइफल्स, रघुवीर लाल शाह पूर्व सब इंस्पेक्टर, उत्तराखंड पुलिस, भरत सिंह, सेवानिवृत्त नायब सूबेदार, भारतीय सेनावीरेंद्र सिंह कृ पूर्व डिप्टी रेंजर,वन विभाग, राजेंद्र सिंह कृ सेवानिवृत्त, वाईएमसीए, घनश्याम लाल टम्टा कृ सेवानिवृत्त, एसबीआई, सुचेंद्र सिंह खत्री , एसएसबी, नाथूराम जी सहित अनेक सम्मानित अधिकारी शामिल रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नवप्रवेशी साथियों का स्वागत करते हुए कहा आज उत्तराखंड का पढ़ा-लिखा, अनुभवी और जिम्मेदार समाज भाजपा की खोखली राजनीति से तंग आ चुका है। सेवानिवृत्त अधिकारियों का कांग्रेस में आना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश अब बदलाव चाहता है। कांग्रेस पार्टी आपके अनुभव, ईमानदारी और प्रशासनिक समझ का पूरा सम्मान करेगी और संगठन को मजबूत करने में आपकी अहम भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन सभी साथियों से अपेक्षा करती है कि वे अपने अनुभव और जनसेवा की भावना के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे और आम जनता की आवाज़ बनेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा सेवा निवृत्त अधिकारी देश और समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं। आज जिन साथियों ने कांग्रेस का दामन थामा है, वे प्रशासनिक व्यवस्था की नब्ज़ पहचानते हैं। कांग्रेस पार्टी ऐसे लोगों के अनुभव से प्रदेश की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान, लोकतंत्र और संस्थाओं पर खतरा मंडरा रहा है और कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसी शक्ति है जो देश को सही दिशा दे सकती है।

कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी साथियों ने एक स्वर में कहा कि वे उत्तराखंड की जनता के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस के संघर्ष में पूरी निष्ठा से भागीदारी निभाएंगे। यह कार्यक्रम उत्तराखंड में राजनीतिक परिवर्तन की आहट है। अनुभव, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की भावना अब कांग्रेस के साथ है। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा रहे इस अवसर पर अनुसूचित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मदनलाल मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, देहरादून से महापौर प्रत्याशी प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल एवं सुरेंद्र अग्रवाल प्रवीण त्यागी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *