मेयर पद के कांग्रेस प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव के प्रचार ने जोर पकड़ा
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश। मेयर पद पर कांग्रेस के प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव के प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। इस बीच, पार्टी के मेयर पद के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल तीन नेताओं को निष्कासित कर दिया गया है।
नगर निगम ऋषिकेश के चुनाव में कांग्रेस के प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव ने वार्ड संख्या 22, वार्ड संख्या 19 व वार्ड नं 5 में कांग्रेस पार्टी के अधिकृत पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया।
वार्ड संख्या 22 में कांग्रेस अधिकृत पार्षद प्रत्याशी सुनीता बंसल और वार्ड संख्या 19 में कांग्रेस अधिकृत पार्षद प्रत्याशी राधा देवी व वार्ड नं पांच देवेंद्र प्रजापति के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन दीपक प्रताप जाटव ने किया और इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी के चुनावी अभियानों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
दीपक प्रताप जाटव ने उपस्थित जनसमूह से आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हित में काम करती आई है और आगामी चुनाव में भी पार्टी अपनी नीतियों और सिद्धांतों के आधार पर जनता का समर्थन प्राप्त करेगी।
दीपक प्रताप जाटव ने इस दौरान यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हर वर्ग के हित में कार्य करती है और आने वाले चुनावों में जनता का समर्थन कांग्रेस को मिलेगा। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि इस बार चुनाव में कांग्रेस एक मजबूत और विजयी प्रत्याशी के रूप में उभरेगी।
उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए यह भी बताया कि कांग्रेस की निगम में सरकार बनी तो नगर निगम के विकास के लिए एक नई दिशा दी जाएगी और क्षेत्र के समग्र विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता बंसल और राधा देवी ने भी जनता से अपने-अपने वार्डों के विकास के लिए वोट मांगे और विश्वास दिलाया कि वे हमेशा जनता की सेवा में तत्पर रहेंगी।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कई स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित थे, जिन्होंने पार्टी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रूप से भाग लिया।
दूसरी ओर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा जी के निर्देशानुसार, जिला कांग्रेस कमेटी परवादून देहरादून के अंतर्गत आने वाले स्थानीय नगर निकायों ऋषिकेश नगर निगम एवं डोईवाला नगर पालिका परिषद के चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वाले कांग्रेस संगठन से जुड़े लोगों को संगठन से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।
ऋषिकेश नगर निगम में कांग्रेस के मेयर पद के अधिकृत प्रत्याशी दीपक जाटव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे दिनेश चंद्र मास्टर तथा महेंद्र सिंह तथा ऋषिकेश कांग्रेस पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय को चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण कांग्रेस संगठन से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।
डोईवाला नगर पालिका परिषद के चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी सागर मनवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे राजवीर खत्री को भी कांग्रेस संगठन से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।
स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस विरोधी गतिविधियों में शामिल होने तथा विभिन्न वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वालो की सूची तैयार की जा रही है। शीघ्र ही इन लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।