प्राकृतिक आपदा के चलते कांग्रेस की श्री केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा स्थगित
ऋषि टाइम्स न्यूज
रूद्रप्रयाग। कांग्रेस ने अंतिम चरण में पहुंची श्री केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा को प्राकृतिक आपदा को देखते हुए स्थगित कर अच्छा निर्णय लिया। यात्रा में शामिल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा समेत अन्य कार्यकर्ता सोनप्रयाग में फंसे यात्रियों की मदद में जुट गए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में हरिद्वार से शुरू हुई श्री केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा का श्री केदारनाथ में समापन होना था। एक अगस्त को यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर कूच करने को तैयार थी। इस बीच, केदारघाटी में प्राकृतिक आपदा ने असर दिखना शुरू कर दिया।
सैकड़ों तीर्थ यात्री जहां-तहां फंस गए। स्थानीय लोग भी आपदा से कई तरह से प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र में ऐसी स्थिति को देखते हुए कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर पार्टी ने श्री केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा को सीतापुर पर स्थगित कर दिया।
अंतिम चरण की यात्रा स्थिति सामान्य होने के बाद पूरी की जाएगी। कांग्रेस के इस निर्णय की लोगों के बीच सरहाना हो रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा स्वयं सोनप्रयाग में फंसे यात्रियों की मदद में जुट गए। कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी विभिन्न क्षेत्रों में आपदा प्रभावितों की मदद के काम लगे हुए हैं।
बहरहाल, करीब 10 दिन चली कांग्रेस की श्री केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा ने आम लोगों का ध्यान आकृष्ठ किया। यात्रा को लोगों का भी खूब साथ मिला। कांग्रेस की इस यात्रा का असर राजधानी देहरादून में भी खूब महसूस किया जा रहा था। यात्रा के अंतिम पड़ाव को पूरा करने के वक्त भी ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिलेगा।
फिलहाल प्राकृतिक आपदा की वजह से यात्रा को स्थगित करने के कांग्रेस के निर्णय की आम लोग सराहना कर रहे हैं।