ऋषिकेश

उत्तराखंड की जनता को बताएंगे भाजपा के छल और प्रपंच

ऋषिकेश। कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड की जनता को भाजपा के छल और प्रपंच जनता के सामने रखेगी। बताएगी कि कैसे लोगों के साथ छल किया जा रहा है। महंगाई से कैसे लोगों का जीना मुहाल किया गया है।

ये कहना है कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का। माहरा सोमवार को ऋषिकेश में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बगैर किसी लाग लपेट के कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के झूठ और फरेब को राज्य के गांव-गांव तक पहुंचाएगी। बताएगी कैसे लोगों के साथ छल किया जा रहा है। कैसे उनकी खून पसीने की कमाई धन्नासेठों पर टैक्स माफ के नाम पर लुटाई जा रही है।

उन्होंने कहा अगस्त क्रांति यानि नौ अगस्त को कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में पद यात्रा के माध्यम महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतंत्र पर चोट करने की सत्ता की कोशिशों का विरोध करेगी। राज्य के प्रत्येक जिले में कार्यकर्ता 75 किमी. की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान लोगों को भाजपा के राष्ट्रवाद की हकीकत बताई जाएगी।

बताया जाएगा कि घर-घर तिरंगा लहराने वाली भाजपा का पितृ संगठन आरएसएस के मुख्यालय में तिरंगे से परहेज किया जाता है। यहां तिरंगा फहराने का प्रयास करने वाले तीन युवकों ने 13 साल मुकदमा झेला। भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भाजपा से अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है। हमारे रोजगार के सबसे बड़े जरिया सेना में संभावनाएं समाप्त की जा रही है। अग्निपथ योजना को लेकर हाइप क्रेट किया जा रहा है। मगर, इसकी हकीकत युवाओं को बरबात करने वाली साबित होगी।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनका फोकस पार्टी के कैडर को रेस्टोर करना है। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यकीन है कि लोग जल्द भाजपा की हकीकत समझेंगे। समझेंगे की दूध पर टैक्स लगाने वाली पार्टी कभी आम जन की हितैषी नहीं हो सकती।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सारस्वत, महामंत्री राजपाल खरोला, दर्शनलाल, एआईसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला, महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, जिलाध्यक्ष सुशील बहुगुणा, एडवोकेट राकेश मिया, मनीष शर्मा, मधु जोशी, रवि जैन, सरोज देवराड़ी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *