ऋषिकेश

चारधाम यात्राः मंडलायुक्त ने ली अधिकारियों की बैठक, दिए निर्देश

ऋषि टाइम्स न्यूज

ऋषिकेश। शासन के निर्देशों के क्रम में चारधाम यात्रा प्रशासन संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गत वर्ष की यात्रा के अनुभवों को इस वर्ष की यात्रा की व्यवस्थाओं को और पुख्ता बनाने के लिए किया जा रहा है।

शनिवार को मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे ने चारधाम यात्रा को लेकर गढ़वाल मंडल के सभी सात जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान समेत विभिन्न विभागों के आलाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारियों ने जिले में यात्रा से संबंधित व्यवस्था को व्योरा रखा। जरूरतों के बारे में बताया और तैयारियों को लेकर खाका प्रस्तुत किया।

मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों से जानकारी लेने और लोनिवि, एनएच, बीआरओ, पुलिस, बीकेटीसी, जीएमवीएन, ऊर्जा निगम, स्वास्थ्य, पेयजल आदि विभागों के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग को जरूरी निर्देश दिए गए।

कहा कि यात्रा में जाम से निपटने के लिए प्लान तैयार हो, धामों में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो ये सुनिश्चित किया जाए। एक माह के भीतर तैयारियों को धरातल पर हर हाल में उतारा जाए। जिन कार्यों के लिए टेंडर होने हैं उनकी प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में यात्रा पंजिकरण ऑनलाइन/ ऑफ लाइन कोटा 60/40 प्रतिशत रहेगा।

धामांे में रील बनाने पर प्रतिबंध होगा। श्रृद्धालुओं को निर्धारित स्थानों पर मोबाइल जमा करने होंगे। आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि पंजीकरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए अन्य राज्यों के साथ भी कॉर्डिनेशन बनाया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल, हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित, पौड़ी की स्वाति भदौरिया, रूद्रप्रयाग के डीएम प्रतीक जैन, एसएसपी हरिद्वार पदमेंद्र डोबाल, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार, बीकेटीसी के सीईओ विजय थपलियाल, राजन नैथानी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *