भाजपा के दो दर्जन देवतुल्य कार्यकर्ताओं को जल्द मिलेंगे दायित्व
देहरादून। भाजपा की सरकार में जल्द ही पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं के अच्छे दिन आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को सरकार में दायित्व से नवाजने की तैयारी है।
2017-22 के भाजपा शासनकाल में पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार में दायित्व समय से नहीं मिले थे। जब मिले तो उसके बाद सीएम अदला-बदली की भेंट चढ़ गए। हालांकि इसका चुनाव पर भाजपा की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ा।
बहरहाल, धामी सरकार में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को समय से दायित्व सौंपने की बात हो रही है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर कवायद चल रही है। अभी तक करीब दो दर्जन को दायित्व देने की बात सामने आ रही है।
इसके लिए नेताओं ने जोर लगाना भी शुरू कर दिया है। त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार में दायित्व पाने से विभिन्न वजहों से रह गए नेता इस बार नई इनर्जी के साथ जोर लगा रहे हैं। कुछ को आश्वासन भी मिल चुका है। विधानसभा चुनाव में बगावती तेवर न दिखाने वालों को प्राथमिकता मिल सकती है।
बताया जा रहा है कि कैबिनेट में खाली तीन पदों पर विधायकों की ताजपोशी से पहले भाजपा संगठन से जुड़े लोगों की सरकार में ताजपोशी पर जोर दिया जा रहा है।