बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सड़कों पर उतरेंगे लोग
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश।बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बापूग्राम के लोग अपने सपनों के घर को बचाने के लिए सड़कों पर उतरकर अपनी पीड़ा को सक्षम मंच तक पहुंचाएंगे। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शनिवार को मालवीय नगर स्थित होटल गौतम रजीडेंसी में बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति ने मीडिया से पूरे प्रकरण पर बातचीत की। कहा कि लोग अपने सपनों के घर को बचाने के लिए दो फरवरी को ऐतिहासिक रैली निकालेंगे। रैली आईडीपीएल से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचेगी। यहां समिति एसडीएम को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आदि के नाम ज्ञापन सौंपेगी।
इस मौके पर सीमित के संयोजक रमेश जुगलाण, सहसंयोजक रविंद्र राणा, सभासद सत्या कपरूवाण, वीरेंद्र रमोला, मुस्कान, वरिष्ठ नेता ज्योति सजवाण, राम कुमार कश्यप और राजेश ने मीडिया के सम्मुख अपनी बात रखी। कहा कि लोग चाहते हैं कि बापूग्राम क्षेत्र में रह रहे लोगों की समस्या का स्थायी समाधान हो।
कहा कि उन्हें भूमिधरी का अधिकार मिलना चाहिए। वन कानून को ढाल बनाकर दशकों से यहां रह रहे लोगों को टारगेट करना ठीक नहीं है। कहा कि निर्वाचित सरकारों को इसका समाधान निकालना चाहिए। राज्य सरकार के सम्मुख कई स्तरों से इस मामले को रखा जा चुका है।
ज्योति सजवाण ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बने हालातों पर प्रकाश डाला। कहा कि समिति भी अपना पक्ष रखेगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कहा कि पूर्व में भी इस प्रकार की हालात बनें हैं। अब लोग इससे उकता गए हैं और स्थायी समाधान चाहते हैं।

