आशियाने को बचाने सड़कों पर उतरे बापूग्राम क्षेत्र के लोग
ऋषि टाइम्स न्यूज
ऋषिकेश। अपना आशियाना बचाने के लिए बापूग्राम क्षेत्र के हजारों हजार लोग तीर्थनगरी ऋषिकेश की सड़कों पर उतर आए। लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से भूमिधरी का अधिकार देने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बनीं परिस्थितियों से बापूग्राम क्षेत्र के हजारों परिवार अपने आशियाने की अस्तित्व को लेकर आशंकित हैं। बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले लोग हर सक्षम मंच पर गुहार लगा रहे हैं। लोगों के पास तर्क हैं और मजबूत तथ्य भी हैं। अपनी बात को मजबूती से रखने के लिए सोमवार को हजारों हजार लोग सड़कों पर उतर आए।
बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने आईडीपीएल से तहसील परिसर तक जोरदार रैली निकाली। रैली में शामिल हजारों हजार लोग अपने हाथों में नाना नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। साथ ही पूरे प्रकरण को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।
रैली में शामिल लोग राज्य और केंद्र सरकार को भी कोसते नजर आए। आईडीपीएल से शुरू हुई रैली गीतानगर, काले की ढाल, एम्स तिराह हरिद्वार रोड़ होते हुए तहसील पहुंची। यहां बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
तहसील परिसर मंे उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान लोगों मीडिया के सम्मुख अपनी पीड़ा व्यक्त की। कहा कि दशकों से बापूग्राम क्षेत्र में रह रहे हैं। अभी तक हमे भूमिधरी का अधिकार नहीं मिला। जबकि पॉलिटिकल क्लास हर चुनाव में इसका भरोसा देती है।
लोगों ने मांग की कि इस बार वो इस समस्या का स्थायी और सम्मानजनक निदान चाहते हैं। ताकि हर चार-पांच साल में सामने आने वाली इस प्रकार आशंकाएं समाप्त हो सकें। सरकार को चाहिए कि बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करें।

