नरेंद्रनगर में बस खाई में गिरी, पांच की मौत
ऋषि टाइम्स न्यूज
नरेंद्रनगर। कुंजापुरी-हिंडोलाखाल के पास एक बस के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। दो दर्जन लोग हादसे में घायल हो गए।
एसडीआरएफ से मिली जानकारी के मुताबिक कुंजापुरी-हिंडोलाखाल के पास एक बस अनियंत्रित होकर 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने सूचना पर तत्काल ढालवाला और कोटी कॉलोनी स्थिति वाहिनी मुख्यालय से पांच टीम मौके लिए रवाना की।
बहरहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया है। हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इसमंे चार महिलाएं शामिल हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस में लगभग 29 यात्री सवार थे।
घायलों को गहरी खाई से निकालकर उपचार के लिए हॉस्पिटल रवाना कर दिया गया है। इसमें तीन को एम्स रेफर किया गया है। चार का उपचार नरेंद्रनगर हॉस्पिटल में चल रहा है। 17 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। अभी मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग अन्य राज्यों से हैं।

