अभाविप का 71 वां राष्ट्रीय अधिवेशन देहरादून में, तैयारी बैठक में शामिल हुए सीएम
ऋषि टाइम्स न्यूज
देहरादून। छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के देहरादून में 28-30 नवंबर को देहरादून में प्रस्तावित 71 वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया।
71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के आयोजन से संबंधित केंद्रीय टीम की शनिवार को देहरादून में हुई बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिवेशन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के अधिवेशन युवा शक्ति को एक मंच प्रदान करते हैं, जहाँ विचार-विमर्श के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में ठोस संकल्प लिए जाते हैं। कहा कि एबीवीपी जैसे संगठन देश की युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने अधिवेशन के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उत्तराखंड की धरती पर आयोजित यह राष्ट्रीय अधिवेशन निश्चित रूप से युवाओं में नए उत्साह, ऊर्जा और देशभक्ति की भावना का संचार करेगा।

