यमकेश्वर विधानसभा में सिंगटाली मोटर पुल बना मुददा
ऋषिकेश। गढ़वाल-कुमाऊं को जोड़ने को प्रस्तावित सिंटगाली मोटर यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में बड़ा मुददा बन गया है। पुल पर काम शुरू न होने की स्थिति में लोगों ने पुल नही ंतो वोट नहीं का ऐलान कर दिया है।
रविवार को ढांगू विकास समिति की लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित पत्रकार वर्ता में समिति के पदाधिकारियों ने पूरा मामला रखा। बताया कि कैसे क्षेत्र के विकास के साथ भी राजनीति हो रही है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में नाराजगी है।
समिति के अध्यक्ष उदय सिंह नेगी ने कहा कि गढ़वाल-कुमाऊं को जोड़ने को प्रस्तावित सिंटगाली मोटर पुल को बेवजह लटकाया जा रहा है। कभी स्थान तो कभी अन्य वजहों को मुददा बनाया जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोग हतोत्साहित हो रहे हैं।
नेगी ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि लोग सरकार और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाते-लगाते थक गए हैं। अब लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। लोग इस मुददे पर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए गांव-गांव में संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से एक पूरी वैली में पसरी पर्यटन की संभावनाओं को पंख लगेंगे। इस बात को सक्षम लोग समझने का प्रयास नहीं कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ढांगू विकास समिति के बैनर तले क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोग सिंगटाली पुल नहीं तो वोट नहीं का संकल्प ले चुके हैं।
समिति के अध्यक्ष नेगी ने कहा कि दो अक्तूबर से इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके लिए पूरे क्षेत्र में जनसंपर्क किया जा रहा है। इस मौके पर भारत सिंह रावत, राजीव बिष्ट, प्रशांत मैठाणी, विनोद कुमार बडथ्वाल, वेद प्रकाश मैठाणी आदि मौजूद थे।